जींद : बैटरी स्क्रैप व्यापारियों से मारपीट कर पांच लाख लूटे, मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : बैटरी स्क्रैप व्यापारियों से मारपीट कर पांच लाख लूटे, मामला दर्ज


जींद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जींद-भिवानी मार्ग पर गांव बीबीपुर के निकट दो कारों में सवार होकर आए सात लुटेरों ने बैटरी स्क्रैप व्यापारियों के साथ मारपीट कर लगभग पांच लाख रुपये की नगदी लूट ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नही लगा। पुलिस ने स्क्रैप व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव कोट (भिवानी) निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पुरानी बैटरियों के स्क्रैप का काम करता है। वह अपने साथी प्रवीन के साथ शनिवार रात गाड़ी में बैटरी स्क्रैप भर कर लाया था। उन्होंने हांसी रोड प्लाट नंबर 17 में स्क्रैप को बेच दिया। बेची गई स्क्रैप राशि चार लाख 98 हजार 600 मिले। उन्होंने राशि को पॉलीथिन में डाल कर परिचालक की सीट के नीचे टूल में रख दिया। जिसके बाद देर रात को दोनों अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। जब वे भिवानी रोड पर गांव बीबीपुर के निकट पहुंचे तो पीछे से आई दो गाडिय़ों ने रास्ता रोक लिया।

दोनों गाडिय़ों में सात लोग थे। एक युवक ने उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली और उसे थप्पड़ मारा। उसी दौरान दूसरे युवक ने उसके साथी प्रवीण को नीचे उतार लिया और बिंडों से हमला कर दियाा। जिसके बाद आरोपितों ने गाड़ी की तलाशी लेते हुए राशि को निकाल लिया और राशि लेकर धमकी देते हुए फरार हो गए। जिसकी सूचना डायल 112 को दी गई। पुलिस ने संदिग्ध कार सवारों को तलाशा भी लेकिन उनका कोई सुराग नही लगा। सदर थाना के जांच अधिकारी सुधीर ने बताया कि पुलिस ने राजेश की शिकायत पर सात अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, मारपीट करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story