जींद : फर्जी दस्तोवज तैयार करवा आश्रम पर किया कब्जा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : फर्जी दस्तोवज तैयार करवा आश्रम पर किया कब्जा


जींद, 05 सितंबर (हि.स.)। सफीदों के ब्रह्मानंद आश्रम के फर्जी दस्तावेज तैयार करवा वसीयत बनवा कर कब्जा करने पर शहर थाना सफीदों पुलिस ने शनिवार काे शिकायत के आधार पर चार लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गांव मोरखी निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सफीदों में गुरू ब्रह्मानंद का आश्रम है। वह गुरूब्रह्मानंद को अपना अराध्य मानते हैं। स्व. रामस्वरूप ब्रह्मचारी को अपना गुरू मानते हैं। जिसके चलते उनका आश्रम में आना-जाना लगा रहता है। सितंबर 2025 में गुरू रामस्वरूप ब्रह्मचारी की मौत हो गई थी। गत एक मई को वह आश्रम में गया था। जहां पर गांव बडनपुर निवासी रविंद्र मिला। जिसने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और आश्रम में आने से रोका। रविंद्र ने उसे रजिस्टर दिखाया और दावा किया कि अब आश्रम उनका है। जब उसने अपने स्तर पर जांच की तो सामने आया कि संतोष, गांव चुहड़माजरा निवासी सतपाल, करनाल निवासी रणधीर, रविंद्र ने कुछ लोगों के साथ मिलकर फर्जीवाड़ा कर स्व. रामस्वरूप ब्रह्मचारी के फर्जी हस्ताक्षर कर आश्रम की वसीयत अपने नाम करवा ली।

दस्तावेजों को हरिद्वार न्यायलय में तैयार करवाया गया है। वसीयत में रामस्वरूप ब्रह्मचारी के 28 अगस्त 2025 को हस्ताक्षर दिखाए गए हैं जबकि उस दिन रामस्वरूप ब्रह्मचारी करनाल के अस्पताल में भर्ती थे। आरोपितों ने पूरी रणनीति बना कर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया और फर्जी दस्तावेजों से आश्रम पर कब्जा कर लिया। शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना सफीदों के जांच अधिकारी मनजीत ने बताया कि पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर आरोपित संतोष, सतपाल, रणधीर, रविंद्र को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story