जींद : चिकित्सक को काल कर एक करोड़ फिरौती की मांग
जींद, 23 अगस्त (हि.स.)। संस्था के अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक को फोन कॉल तथा मैसेज भेज कर एक करोड़ रुपये की चौथ मांगी गई है। चौथ राशि न देने पर चिकित्सक को जान से मारने की धमकी दी गई है। चिकित्सक ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने चिकित्सक की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाल धर्मार्थ अस्पताल में कार्यरत डा. सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 21 अगस्त को सुबह वह अस्पताल में डयूटीरत थे। उसी दौरान उसके फोन पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सअप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर से जुड़े होने का भय दिखाते एक करोड़ रुपये चौथ की मांग की। चौथ राशि न देने पर चिकित्सक को बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जिसके बाद आरोपित ने उसके पास मैसज भेजा और चौथ राशि ने देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।
जिस नंबर से धमकी दी गई, वह नंबर लोकल ही बताया जा रहा है। चिकित्सक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चौथ मांगने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि चिकित्सक की शिकायत पर फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

