जींद : महिला की मौत, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
जींद : महिला की मौत, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप


जींद, 18 जुलाई (हि.स.)। उचाना मंडी में एक महिला की मौत हो गई। मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि मृतका की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली के कृष्णा विहार निवासी पारस जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी दो साल पहले अपनी बेटी मोनिका की शादी उचाना मंडी निवासी पवन के साथ की थी। पवन की उचाना मंडी में जय माता स्वीट्स के नाम से दुकान है।

शादी के कुछ समय बाद ही उनकी बेटी मोनिका ने अपने पति के चरित्र पर संदेह होने के चलते उनको बात बताई। जिस पर उन्होंने पवन को समझाया। काफी लोगों के बीच बातचीत भी हुई। पारस जैन ने कहा कि इसके बाद पवन व उसकी भाभी मोनिका ने साजिश के तहत उसकी बेटी मोनिका की 16 जुलाई को हत्या कर दी और उसे फंदे पर लटका दिया। उन्हें शाम को बताया कि उनकी बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने खुद पुलिस को फोन किया और दिल्ली से उचाना पहुंचे।

पारस जैन ने कहा कि उनकी बेटी को फंदे से उतार दिया गया था। उन्हें यकीन है कि उनकी बेटी की हत्या करके उसे फंदे पर लटकाया गया था ताकि यह हत्या नहीं आत्महत्या प्रतीत हो। उचाना थाना के एएसआई राजबीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो मोनिका के शव को नीचे उतार दिया गया था। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मायका पक्ष के लोगों की शिकायत पर पवन व उसकी भाभी मोनिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story