जींद : महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
जींद : महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


जींद, 28 अप्रैल (हि.स.)। शिवपुरी कालोनी में सोमवार शाम को ससुरालीजनों से परेशान होकर महिला ने फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। शहर थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति समेत अन्य परिजनों के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिवपुरी कालोनी निवासी दीपक की 30 वर्षीय पत्नी वर्षा ने सोमवार को फांसी का फंदा लगा लिया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस तथा मायका पक्ष मौके पर पहुंच गया और शव को फांसी के फंदे से उतार नागरिक अस्पताल पहुचाया। मृतका के भाई बहादुरगढ़ निवासी सचिन ने पुलिस की दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन वर्षा की शादी वर्ष 2017 में शिवपुरी कालोनी निवासी दीपक के साथ हुई थी। दीपक टायर पंक्चर का काम करता है और शराब पीने का आदी है। जो कमाता है उसकी शराब पी जाता है। दीपक को कई बार समझाया भी था।

बावजूद इसके वर्षा को परेशान करना जारी रखा। गत दिवस शाम को बच्चों को लेकर वर्षा के साथ उसके जेठ तथा जेठानी ने झगड़ा किया था। जब उसने अपने पति दीपक को बताया तो दीपक ने उल्टे उसके साथ मारपीट की। सोमवार सुबह वर्षा ने फोन कर कहा कि उसे अपने मायके ले जाए। वह परेशान हो चुकी है। जिसके बाद उन्हें सूचना मिली कि वर्षा ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सचिन ने संदेह जताया कि दीपक तथा उसके परिजनों ने वर्षा की हत्या कर फांसी के फंदे पर लटकाया है। शहर थाना के जांच अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई सचिन की शिकायत पर पति दीपक को नामजद कर उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story