जींद : जेल में बंदी को शर्ट के साथ भेजा नशीला पदार्थ बरामद

WhatsApp Channel Join Now
जींद : जेल में बंदी को शर्ट के साथ भेजा नशीला पदार्थ बरामद


जींद, 26 सितंबर (हि.स.)। जिला कारागार मे बंदी को शर्ट की बाजू में छुपा कर 12 ग्राम नशीला पदार्थ भेजने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर बंदी समेत दो लोगों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जेल उपाधीक्षक विक्रम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव गीदार विंदी निवासी लवदीप जिला कारागार ने विचाराधीन बंदी है। गत 25 सितंबर को लवदीप से मुलाकात के लिए उसका जानकार सुरेंद्र पहुंचा था। जिसने बंदी लवदीप के लिए कपड़े दिए थे। जब कपड़े लेकर लवदीप डोढ़ी से जेल के अंदर जा रहा था तो जेल कर्मियों को कपड़ों पर संदेह हुआ। जेल कर्मियों ने जब शर्ट के कालर तथा बाजू की जांच की तो बाजू में काले रंग का पदार्थ बरामद हुआ था। जो अफीम की तरह था। बाजू को इस तरह सिला गया था कि उसके अंदर छुपाए गए नशीले पदार्थ को लेकर संदेह न हो। जांचने पर जिसका वजन 12 ग्राम पाया गया। जब तक जेल कर्मी संभलते मुलाकात करने वाला युवक बाहर जा चुका था।

शनिवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर बंदी लवदीप तथा उसके जानकार सुरेंद्र के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम तथा परिजनर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story