फतेहाबाद: स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, चार युवक व चार युवतियां व मैनेजर हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
फतेहाबाद: स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, चार युवक व चार युवतियां व मैनेजर हिरासत में


फतेहाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)। शहर के पॉश इलाके हुडा सेक्टर स्थित क्रिस्टल स्पा सेंटर पर पुलिस ने मंगलवार दोपहर छापेमारी की। डीएसपी जगदीश काजला के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके से चार युवकों और चार युवतियों को काबू किया गया है। पुलिस सभी आठों लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई है, जबकि स्पा सेंटर के मैनेजर को भी हिरासत में ले लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को पिछले कुछ समय से गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि हुडा सेक्टर स्थित क्रिस्टल स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी जगदीश काजला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहर में अचानक स्पा सेंटर पर दबिश दी। पुलिस की इस सरप्राइज रेड से सेंटर के अंदर अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का मालिक मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस टीम ने सेंटर के अलग-अलग हिस्सों की गहनता से तलाशी ली और वहां मिले चार जोड़ों यानि आठ लोगों को शुरुआती पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया। पुलिस अब सेंटर के मैनेजर से पूछताछ के साथ-साथ स्पा सेंटर से संबंधित लाइसेंस, रजिस्टर व अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और मौके से चार जोड़ों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उन्होंने कहा कि मैनेजर और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है, जांच और दस्तावेजों की पड़ताल पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

Share this story