सिरसा: रक्षाबंधन पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट: एसपी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: रक्षाबंधन पर सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट: एसपी


सिरसा, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व को लेकर सिरसा पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। रक्षाबंधन के पर्व पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख बाजारों, व्यापारिक क्षेत्रों, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, चौराहों और मुख्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बुधवार को बताया कि पुलिस का फोकस भीड़ को नियंत्रित करने के साथ महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर रहेगा।

सभी थाना और पुलिस चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और पुलिस कर्मचारी लगातार गश्त करेंगे। बाजारों में महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी और विशेष गश्ती दल मनचलों तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।

रक्षाबंधन पर बाजारों में बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी कमर कस ली है। प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। जरूरत पडऩे पर यातायात को सुचारू रखने के लिए रूट में बदलाव या डायवर्जन भी किया जा सकता है। पार्किंग स्थलों पर भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि लोग सडक़ किनारे बेतरतीब वाहन खड़े कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित न करें।

त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढऩे की संभावना को देखते हुए बस अड्डा और रेलवे स्टेशन सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की निगरानी के साथ पुलिसकर्मी लगातार गश्त करेंगे। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story