सिरसा: स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट: एसपी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट: एसपी


सिरसा, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। सुरक्षा के दृष्टिगत करीब 650 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। होटल व धर्मशालाओं में ठहरने वालों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने गुरुवार को बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सिरसा के शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ध्वजारोहण करेंगे।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समारोह स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आने-जाने वाले लोगों की सुविधा को लेकर भी पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और पीजी की विशेष चेकिंग की जा रही है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि बिना पहचान पत्र के किसी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए। ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करना जरूरी होगा।

एसपी ने बताया कि जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों और पंजाब एवं राजस्थान सीमा से लगते क्षेत्रों में विशेष नाके लगाए गए हैं। यहां वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, मुख्य चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। जरूरत के अनुसार सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story