यमुनानगर: पुलिस शहीदी स्मृति दिवस पर हुआ 20-20 क्रिकेट मैच

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: पुलिस शहीदी स्मृति दिवस पर हुआ 20-20 क्रिकेट मैच


यमुनानगर, 23 अक्टूबर (हि.स. ) पुलिस शहीदी स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में यमुनानगर जिला पुलिस लाइन जगाधरी में शुक्रवार काे विद्यार्थियों के बीच 20-20 क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया गया। इसमें सीएम ट्रिपल ई सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खदरी की टीम ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, खेल भावना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना रहा।

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित इस मुकाबले में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन जगाधरी और सीएम ट्रिपल ई सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खदरी की टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनकी पत्नी अनु भी इस अवसर पर मौजूद रहीं। मैच से पहले आशीष चौधरी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने खेल के नियमों का पालन करते हुए अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।

अंत में खदरी के सीएम ट्रिपल ई स्कूल की टीम ने बाजी मारी। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। नियमित खेल गतिविधियों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मिल-जुलकर काम करने की भावना मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने की सलाह दी। शहीदी स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना और समाज में खेलों के महत्व को रेखांकित करना है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सहयोग की सीख भी देते हैं। कार्यक्रम में वेलफेयर निरीक्षक कुसुम बाला, दोनों विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765361 Articles

Share this story