कैथल: पुलिस शहीदी दिवस पर वीर जवानों को किया नमन, शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: पुलिस शहीदी दिवस पर वीर जवानों को किया नमन, शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित


कैथल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस लाइन कैथल में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर समारोह आयोजित कर देश की सुरक्षा और आंतरिक शांति बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस स्मृति स्मारक पर पुष्प चक्र व फूल मालाएं अर्पित कर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर जिले के वीर शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने और राष्ट्रध्वज को सलामी के साथ हुई। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, डीएसपी बीर भान, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी हरदीप सिंह सहित जिलेभर के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के योगदान को नमन किया गया।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कैथल जिले के शहीदों को विशेष रूप से याद करते हुए कहा कि वर्ष 1989 में शहीद हुए जाजनपुर निवासी राम सिंह, वर्ष 1992 में शहीद हुए हरिगढ़ किंगन निवासी कृपाल सिंह और हाबड़ी निवासी गुलजार सिंह का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान 13 अगस्त 2020 को शहीद हुए हेड कांस्टेबल विजय कुमार और पांच जून 2021 को शहीद हुए रजनी कॉलोनी, कैथल निवासी एसपीओ दलबीर सिंह को भी श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा, 16 फरवरी 2026 को फरीदाबाद के मुजेसर में केमिकल फैक्ट्री में आग लगने के दौरान लोगों को बचाते हुए अपनी जान गंवाने वाले क्योड़क निवासी पीएसआई रवि के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को भी याद किया गया। एसपी ने शहीदों के परिजनों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में शहीदाें के परिवारों के साथ खड़ा रहेगा।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस पुलिस बल के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस का प्रतीक है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story