हिसार : रक्षाबंधन पर्व पर शहर में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस ने की विशेष तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : रक्षाबंधन पर्व पर शहर में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस ने की विशेष तैयारियां


भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस की विशेष तैनाती, महिला सुरक्षा पर भी रहेगी

पैनी नजर

हिसार, 22 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व पर पुलिस ने शहर में सुरक्षा और यातायात

व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहार पर खरीदारी के लिए बाजारों

में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख बाजारों, व्यापारिक क्षेत्रों,

चौराहों और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी की है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शनिवार काे सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था

बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और बाजारों के आसपास विशेष निगरानी

रखी जाएगी, ताकि जाम की स्थिति न बने और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। रक्षाबंधन पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सड़क किनारे अनधिकृत

रूप से वाहन खड़ा करने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की

जाएगी। यातायात पुलिस जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था को नियंत्रित

करेगी। लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

महिला सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात

पुलिस बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष

सतर्कता बरतेगी। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों

पर नजर रखी जाएगी। जेबतराशों, मनचलों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रहेगी।पुलिस अधीक्षक ने आमजन से रक्षाबंधन का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल

में मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों

को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध करवाना है। उन्होंने नागरिकों से यातायात

नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील

की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story