सिरसा: फेस्टिव सेल में साइबर ठगों से रहें सावधान: एसपी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: फेस्टिव सेल में साइबर ठगों से रहें सावधान: एसपी


सिरसा, 02 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने दीपावली पर सस्ते सामान और भारी डिस्काउंट का लालच देकर ऑनलाइन शॉपिंग से लोगों को सतर्क किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सोमवार को एडवाइजरी जारी कर बताया कि त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर साइबर ठग भी सक्रिय हो जाते हैं और फर्जी ऑफर देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सावधानी बरतने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी है।

एसपी ने बताया कि फेस्टिव सेल के दौरान कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपकरणों पर भारी छूट के विज्ञापन दिखाकर लोगों को आकर्षित किया जाता है। ठग नामी कंपनियों जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट और विज्ञापन तैयार कर लोगों को धोखा दे सकते हैं। कई बार व्हाट्सएप और मोबाइल मैसेज पर गिफ्ट, कैशबैक और सस्ते सामान के नाम पर लिंक भेजे जाते हैं। इन पर क्लिक करते ही निजी जानकारी चोरी होने और बैंक खाते से रकम निकलने का खतरा रहता है।

पुलिस के अनुसार, ऑर्डर रद्द करवाने या रिफंड दिलाने के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए भी ठगी की जाती है। ठग मोबाइल पर एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं, पैसे वापस भेजने के बहाने यूपीआई पिन डलवाने की कोशिश की जाती है। ध्यान रखें कि पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती। ऑनलाइन खरीदारी हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, पासवर्ड, बैंक की जानकारी व यूपीआई पिन किसी से साझा न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story