हांसी : पानी चोरी रोकने गई टीम पर हमले के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
गिरफ्तारी नहीं होने पर यूनियन ने दी हड़ताल की चेतावनी
हांसी, 31 जुलाई (हि.स.)। खरकड़ा स्थित सिवानी फीडर पर नहरी पानी चोरी रोकने
गई सिंचाई विभाग की टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर
जांच तेज कर दी है, वहीं घटना के दो दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से
सिंचाई विभाग के कर्मचारियों और कर्मचारी यूनियन में रोष बढ़ता जा रहा है।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच को
आगे बढ़ाया। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में
नाराजगी बनी हुई है। सिंचाई विभाग के जेई जितेंद्र जाखड़ ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित
करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो
सभी फील्ड कर्मचारी हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
उधर, सिंचाई विभाग कर्मचारी यूनियन, ब्रांच हांसी के प्रधान अशोक यादव ने कहा
कि विभाग के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर नहरी पानी की चोरी रोकने और टेल तक किसानों
को पानी पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी में हो
रही देरी चिंता का विषय है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो
हांसी ब्रांच के सभी फील्ड कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन
को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञात रहे कि 29 जुलाई की रात सिंचाई विभाग के जेई, कैनाल गार्ड और अन्य फील्ड
कर्मचारी नहरी पानी चोरी रोकने के लिए गश्त पर निकले थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ
लोगों ने टीम पर हमला कर जेई और कैनाल गार्ड के साथ मारपीट की, उनके मोबाइल फोन छीन
लिए तथा सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर
जांच शुरू की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

