जींद : गली में होर्न बजाने को लेकर हुई तकरार, व्यक्ति की पीट कर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
जींद : गली में होर्न बजाने को लेकर हुई तकरार, व्यक्ति की पीट कर हत्या


जींद, 01 नवंबर (हि.स.)। गांव बधाना में मामूली बात पर उपजा विवाद बड़े खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव के ही एक युवक द्वारा घर के सामने बार-बार बाइक का होर्न बजाने का विरोध करने पर एक महिला समेत नौ लोगोंं ने एक व्यक्ति पर लाठी, जैली और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर एक महिला सहित नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गत 30 अक्टूबर को गांव बधाना में सोहन (47) के घर के सामने गांव का ही रवि बार-बार आते-जाते हुए होर्न बजा रहा था। जब सोहन ने विरोध जताया तो रवि ने अपने परिवार वालों को बुला लिया और सोहन पर हमला कर दिया। जिसमें सोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सोहन को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई मोहन ने बताया कि गत 30 अक्टूबर को आरोपित रवि उसके भाई सोहन के घर के सामने से गुजरते समय बार-बार अपनी बाइक का होर्न बजा रहा था। जब इस बात का विरोध किया गया तो विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के रवि, दिनेश, रघुबीर, अमन, प्रवीण, चांदवीर, वजीर, कुलदीप और महिला बबली एकजुट होकर हथियारों के साथ आ गए। जिसने सोहन और उसके परिवार के सदस्यों पर लाठी, जैली और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल सोहन को परिजनों ने जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रोहतक पीजीआइ रेफ र कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान सोहन ने रविवार को दम तोड़ दिया।

रविवार को जानकारी देते हुए नगूरां पुलिस चौंकी प्रभारी विनोद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा मौके पर पहुंच कर बधाना निवासी मृतक व्यक्ति के भाई के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने महिला समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story