जींद : डेरे के सेवादार पर हत्या के प्रयास व लूटापाट का मामला दर्ज
जींद, 31 अक्टूबर (हि.स.)। गांव भाणा ब्राह्मणन डेरे की मंहत पर हुए हमले तथा नगदी, गहने, गाड़ी ले जाने पर सदर थाना नरवाना पुलिस ने सेवादार के खिलाफ जानलेवा हमला करने, लूटपाट को अंजाम देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।
गावं भाणा ब्राह्मणनन डेरे की मंहत राजनाथ की शिष्या कंचन नाथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को वह कुछ सेवादारों के साथ गोशाला के लिए पड़ोसी गांव में चारा का प्रबंधन करने गई थी। डेरे में मंहत राजनाथ तथा सेवादार राहुल थे। उनके जाने के बाद सेवादार राहुल ने मंहत राजनाथ पर सोटे तथा तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद आरोपित डेरे की अलमारी से सात लाख रुपये की नगदी, सोने के गहने, चांदी के बर्तन, घायल महंत का मोबाइल फोन तथा डेरे की ब्रेजा गाड़ी लेकर फरार हो गया।
घटना का उस समय पता चला जब मजदूर काम करने डेरे में पहुंचे। गंभीर रूप से घायल महंत को अग्रोहा रेफर किया गया है। आरोपित राहुल का फोन भी स्विच ऑफ है। पूर्व में राहुल लगभग दो माह तक सेवादार रहा था। अब फिर एक सप्ताह पहले डेरे में आया था। साध्वी कंचननाथ ने आरोप लगाया कि सेवादार राहुल ने लूट के उद्देश्य से महंत राजनाथ पर हमला किया है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने साध्वी कंचननाथ की शिकायत पर सेवादार राहुल के खिलाफ जानलेवा हमला करने, लूटपाट को अंजाम देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को जानकारी देते हुए सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी रमेश ने बताया कि घायल मंहत की शिष्या की शिकायत पर आरोपित सेवादार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की धर पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

