राेहतक: दंगे जैसी स्थिति से निपटने को पुलिस ने कसी कमर, जवानों ने किया विशेष अभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
राेहतक: दंगे जैसी स्थिति से निपटने को पुलिस ने कसी कमर, जवानों ने किया विशेष अभ्यास


पुलिस लाइन में परेड के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ने पर हालात संभालने की तैयारी परखी

दंगा निरोधक उपकरण चलाने का भी कराया अभ्यास, पुलिस बल को अलर्ट रहने के निर्देश

रोहतक, 03 अगस्त (हि.स.)। कानून-व्यवस्था के सामने अचानक पैदा होने वाली चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारियों को मजबूत करना शुरू कर दिया है। सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित विशेष परेड के दौरान पुलिस जवानों को दंगे, उपद्रव और भीड़ के बेकाबू होने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष अभ्यास कराया गया, अभ्यास के दौरान जवानों को दंगा निरोधक उपकरणों के संचालन, उनके सही इस्तेमाल और कानून-व्यवस्था की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीके बताए गए। जिले के सभी थानों व चौकियों के प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी इस विशेष अभ्यास में शामिल हुए।

विशेष अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को अलग-अलग परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था संभालने का प्रशिक्षण दिया गया, जवानों को बताया गया कि किसी भी स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करते समय संयम बनाए रखते हुए स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही दंगा निरोधक उपकरणों को आवश्यकता के अनुसार इस्तेमाल करने और आपात स्थिति में पुलिस बल की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस लाइन में कराए गए इस विशेष अभ्यास का उद्देश्य जवानों को ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार रखना है, जिनमें अचानक बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो जाएं अथवा किसी घटना के बाद कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो। अधिकारियों ने जवानों को किसी भी विषम परिस्थिति में अनुशासन और धैर्य के साथ ड्यूटी निभाने पर जोर दिया। विशेष अभ्यास में जिले के सभी थानों और चौकियों के प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हुए।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए केवल पुलिस लाइन स्तर पर तैयारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि फील्ड में तैनात अधिकारियों और जवानों को भी ऐसी परिस्थितियों का व्यावहारिक अभ्यास होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से थाना और चौकी स्तर के अधिकारियों को भी विशेष अभ्यास में शामिल किया गया। पुलिस प्रवक्ता मनीष ने बताया कि सोमवार को पुलिस लाइन में होने वाली परेड के दौरान इस तरह की प्रक्रिया के तहत जवानों को विशेष अभ्यास कराया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story