जींद: सफीदों नर्सिंग कॉलेज में झज्जर निवासी छात्रा ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
जींद: सफीदों नर्सिंग कॉलेज में झज्जर निवासी छात्रा ने की आत्महत्या


जींद: सफीदों नर्सिंग कॉलेज में झज्जर निवासी छात्रा ने की आत्महत्या


जींद, 19 नवंबर (हि.स.)। राजकीय नर्सिंग कॉलेज सफीदों की प्रथम वर्ष जीएनएम की छात्रा को इंस्टाग्राम पर एक युवक से चैटिंग करना महंगा पड़ गया। छात्रा ने गत रात्रि अपने हॉस्टल में अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस को लड़की के पास से एक पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मृतक छात्रा की पहचान जिला झज्जर निवासी शिवानी के रूप में हुई है। इस मामले में थाना सदर सफीदों पुलिस ने मृतका के पिता अशोक कुमार निवासी गांव कुजिया, जिला झज्जर की शिकायत पर दीपक मीणा निवासी भरतपुर (राजस्थान) और नीतू मीणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट में छात्रा ने सन 2023 में सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक युवक के दोस्ती होने का जिक्र किया है। युवक ने उसकी इंस्टाग्राम की चैटिंग के स्क्रीनशॉट अपने पास रख लिए थे और साथ ही उसको बातों में लेकर बहलाकर उसकी इंस्टाग्राम की आईडी का पासवर्ड भी ले लिया था। इसके बाद छात्र लड़की की चैट को उसके पापा के पास भेजने की बात कहकर उसे ब्लैकमेल करने लगा और इसमें उसके साथ एक लड़की भी शामिल है, जो उसकी दोस्त है।

छात्रा ने अपने आखिरी संदेश में लिखा कि उसे नहीं पता कि उसने जो कदम उठाया, वह सही था या गलत, लेकिन वह जिन परिस्थितियों से गुजर रही थी। उनसे अब और लड़ने की हिम्मत नहीं बची थी।

सुसाइड नोट में नीतू मीणा नाम की युवती का भी जिक्र किया गया है। छात्रा ने आरोप लगाया कि इस युवती ने भी उसे अपनी बातों में उलझाया और वह लगातार मानसिक तनाव से गुजरती रही। आखिरकार छात्रा ने अपने नोट में उस दर्द को बयां किया, जिसे वह लंबे समय से अपने मन में दबाए हुए थी। हालांकि, सुसाइड नोट में लिखी बातों और उसमें लगाए गए कथित आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में अशोक कुमार ने बताया कि उनकी बेटी शिवानी पिछले करीब एक वर्ष से सफीदों के एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम का कोर्स कर रही थी। 18 नवंबर की रात करीब सवा 10 बजे पर उनके पास कॉलेज की एक महिला अधिकारी के मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन पर उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर अशोक कुमार ने सफीदों के आसपास रहने वाले अपने साले सावन को फोन करके अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, सावन करीब आधे से पौने घंटे में सफीदों अस्पताल पहुंच गया। इसके बाद रात करीब साढ़े 11 बजे थाना सदर सफीदों के एसएचओ का फोन आया और उन्हें जल्द से जल्द सफीदों पहुंचने के लिए कहा गया। अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह करीब तीन घंटे में सफीदों पहुंचे, जहां उन्हें अपनी बेटी शिवानी मृत अवस्था में मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस प्रशासन से बेटी की मौत के मामले में उचित जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, पुलिस को मौके से उनकी बेटी द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी मिला है। अशोक कुमार ने अपनी शिकायत में दीपक मीणा और नीतू मीणा का नाम लेते हुए उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। पिता ने पुलिस से मांग की है कि उनकी बेटी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्षता से जांच की जाए और जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी बेटी को न्याय मिल सके।

सदर थाना प्रभारी सतीश शिकायत ने कहा कि सुसाइड नोट व शिकायत के आधार पर फिलहाल दीपक मीणा निवासी भरतपुर (राजस्थान) और नीतू मीणा दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। नागरिक अस्पताल में छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story