हिसार : नशे की गिरफ्त से बाहर निकले 319 लोग, घर-घर पहुंच रही पुलिस की नशा मुक्ति टीम

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : नशे की गिरफ्त से बाहर निकले 319 लोग, घर-घर पहुंच रही पुलिस की नशा मुक्ति टीम


2727 नशा पीड़ितों की निगरानी के लिए 181 केयरटेकर तैनात

602 को आयुर्वेदिक दवाइयां और 338 ड्रग पैडलरों की पहचान

हिसार, 18 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ जिलाभर में पुलिस का अभियान अब केवल

तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। नशे की गिरफ्त में आए लोगों की पहचान, उपचार,

काउंसलिंग और पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभियान के

तहत अब तक 319 नशा पीड़ित नशा छोड़कर सामान्य जीवन की ओर लौट चुके हैं और मेहनत-मजदूरी

व रोजगार के जरिए अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर नशा मुक्ति टीम ने नशा पीड़ितों

की निरंतर निगरानी के लिए जिले में 181 केयरटेकर व्यवस्था लागू की है। चिन्हित किए

गए 2727 नशा पीड़ितों की देखरेख के लिए 181 केयरटेकर नियुक्त किए गए हैं। ये केयरटेकर

नियमित रूप से पीड़ितों के घर जाकर उनका फीडबैक लेते हैं और उनकी स्थिति पर नजर रखते

हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें उपचार और काउंसलिंग से भी जोड़ा जाता है। नशा मुक्ति टीम की ओर से उपचार की जरूरत वाले 602 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक

दवाइयां उपलब्ध करवाई गई हैं। केयरटेकर लगातार इन लोगों के संपर्क में रहकर उनके स्वास्थ्य

और नशा छोड़ने की स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं, ताकि जरूरत के अनुसार आगे की उपचार

व्यवस्था की जा सके।

पुलिस के अनुसार अभियान का सकारात्मक असर यह है कि 319 लोगों ने नशा छोड़ दिया

है। ये लोग अब अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रहे हैं और मेहनत-मजदूरी या रोजगार

के माध्यम से जीवन यापन कर रहे हैं। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे की गिरफ्त से

बाहर निकलकर किसी व्यक्ति का सामान्य जीवन में लौटना ही नशा मुक्ति अभियान की वास्तविक

सफलता है। एसपी सिद्धांत जैन का कहना है कि पुलिस की नीति स्पष्ट है कि नशा पीड़ितों को उपचार

और सहयोग देकर सामान्य जीवन की ओर लौटाना और नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त

कानूनी कार्रवाई करना। उन्होंने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे व्यक्ति को अकेला छोड़ना

समाधान नहीं है। परिवार, समाज और पुलिस के सामूहिक प्रयास से उसे उपचार और सही मार्गदर्शन

देकर दोबारा सामान्य जीवन से जोड़ा जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story