कैथल में चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, गांजा सप्लायर भी पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, गांजा सप्लायर भी पकड़ा


कैथल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूंडरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152डी के फ्लाईओवर के नीचे से एक युवक को 1 किलो 550 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। वहीं, चीका में तीन किलो 24 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामदगी के पुराने मामले की जांच के दौरान कथित सप्लायर को भी गिरफ्तार किया गया है।स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम गांव करोड़ा बस अड्डे पर गश्त के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि करनाल जिले के गांव चोचड़ा निवासी हरपाल चरस की सप्लाई करने के लिए गांव बाकल से करोड़ा जाने वाली सड़क पर हाईवे-152डी के फ्लाईओवर के नीचे खड़ा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर पिट्ठू बैग लिए युवक को काबू कर लिया। डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश के निर्देशानुसार नियमानुसार तलाशी लेने पर बैग में रखी पॉलीथिन से 1 किलो 550 ग्राम चरस बरामद हुई।थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए अदालत से पांच दिन का रिमांड हासिल किया है। कार्रवाई स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार की अगुवाई में एसआई पारस कुमार की टीम ने की। दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल ने बिहार निवासी निरंजन कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को चीका में सरकारी स्कूल की दीवार के पास से पप्पू कुमार को 3 किलो 24 ग्राम गांजा फूल-पत्ती के साथ पकड़ा गया था। थाना चीका में मामला दर्ज होने के बाद एसआई जयभगवान ने जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान सामने आया कि पप्पू कुमार को कथित तौर पर गांजा निरंजन कुमार ने उपलब्ध करवाया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पप्पू कुमार को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story