सिरसा: शिक्षण संस्थानों में नशे पर सख्ती, नशा मुक्ति टीम का गठन
सिरसा, 19 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार के नशा मुक्त हरियाणा अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए सिरसा पुलिस ने नई पहल की है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रविवार को बताया कि जिले के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के लिए पांच सदस्यीय डी-एडिक्शन टीम का गठन किया है।
टीम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशे की रोकथाम करना और शिक्षण संस्थानों के आसपास नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है। एसपी ने कहा कि टीम शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, शिक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों के सहयोग से ऐसे विद्यार्थियों की पहचान भी करेगी, जो नशे की लत से प्रभावित हैं या जोखिम की श्रेणी में आते हैं।
ऐसे मामलों में विद्यार्थियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा जरूरत पडऩे पर स्वास्थ्य विभाग, मनोवैज्ञानिकों और काउंसलरों की मदद से उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा उपलब्ध करवाने वाले की सूचना मिलती है तो उसका तत्काल गोपनीय सत्यापन कर कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षण संस्थानों के आसपास नशा बेचने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
एसपी संबंधित अधिकारियों को टीम को पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भ्रमण, जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलिंग और कानूनी कार्रवाई का रिकॉर्ड तैयार कर हर माह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने कहा नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। शिक्षण संस्थानों में शुरू की गई यह पहल युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

