माइनर में पानी न छोडऩे से गुस्साए किसानों ने जींद-सफीदों मार्ग पर लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
माइनर में पानी न छोडऩे से गुस्साए किसानों ने जींद-सफीदों मार्ग पर लगाया जाम


जींद, 04 अगस्त (हि.स.)। माइनर में पानी न छोड़े जाने से गुस्साए गांव कलावती तथा आसपास गांवों के किसानों ने मंगलवार को बुढाखेड़ा बस अड्डे के निकट जींद-सफीदों मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पाकर सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए और किसानों की समस्या को सुन कर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से संर्पक साधा। अधिकारियों द्वारा पानी माइनर में छोडऩे का आश्वासन देने के बाद किसान जाम खोलने को राजी हो गए। लगभग सवा घंटे लगे जाम के कारण वाहन चालकों तथा यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गुस्साए किसानों का कहना था कि उनके इलाके में बारिश नही हुई। फसलें सूखने कीकागार पर पहुंच गई है। खेतों में दरार पड़ गई है। टयूबवैलों से पानी की पूर्ति नही हो पा रही है। नहर चल रही है। सिंचाई विभाग माइनर संख्या तीन में पानी नही छोड़ रहा है। सिंचाई विभाग के अधिकारी भी कोई संतोषजनक जवाब नही दे रहे हंै। फसलों को सिंचाई के लिए पानी की सख्त जरूरत है। सफीदों सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि किसान माइनर मे पानी छोडऩे की मांग कर रहे थे। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर पानी छुड़वा दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story