कैथल: पुलिस से बचने काे भगाया डोडा-पोस्त से भरा ट्रक, हादसे के बाद पकड़ा गया

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 26 सितंबर (हि.स.)। कलायत के गांव खरक पांडवा के पास दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में करीब आठ क्विंटल डोडा-पोस्त बरामद होने के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस को पहले से सूचना मिली हुई थी कि राजस्थान नंबर के ट्रक में केलों के नीचे छिपाकर डोडा-पोस्त ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ट्रक का पीछा कर रही थी। इसी दौरान पुलिस से बचने के लिए चालक ट्रक को तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था और खरक पांडवा के पास सड़क किनारे खराब खड़े दूसरे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ट्रक की तलाशी ली गई तो केलों के नीचे छिपाकर रखे गए करीब 40 कट्टे बरामद हुए, जिनमें लगभग आठ क्विंटल डोडा-पोस्त था। मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ नशा तस्करी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। हादसे में दोनों ट्रकों के चालकों और एक मैकेनिक की मौत हो गई थी, जबकि एक हेल्पर घायल हुआ था।

पुलिस को पहले ही मिल गई थी सूचना

जांच में सामने आया है कि राजस्थान नंबर के ट्रक में बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त ले जाने की सूचना पुलिस को पहले ही मिल गई थी। इसके बाद पुलिस की टीम ट्रक की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और उसके पीछे लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस को पीछे आता देख चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। तेज रफ्तार में ट्रक दौड़ाने के दौरान चालक नियंत्रण नहीं रख सका और खरक पांडवा के पास सड़क किनारे खराब खड़े दूसरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा और मौके पर तीन लोगों की जान चली गई।

केलों के नीचे छिपाकर रखा था नशीला पदार्थ

दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने राजस्थान नंबर के ट्रक की जांच की तो उसमें ऊपर से केले भरे हुए थे, जबकि उनके नीचे डोडा-पोस्त के कट्टे छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने करीब 40 कट्टों में भरा लगभग आठ क्विंटल डोडा-पोस्त बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक की मौत होने की बात सामने आई है और उसकी पहचान तथा नशे की खेप से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ नशा तस्करी का मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि डोडा-पोस्त की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story