सिरसा: पुलिस की गाड़ी में लगी आग, तीन पुलिसकर्मियों ने कूदकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: पुलिस की गाड़ी में लगी आग, तीन पुलिसकर्मियों ने कूदकर बचाई जान


सिरसा, 09 अगस्त (हि.स.)। जिले के डबवाली उपमंडल में डायल 112 (ईआरवी) गाड़ी में अचानक आग लग गई। गाड़ी में ड्राइवर सहित तीन पुलिस कर्मचारी सवार थे। तीनों ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल गाड़ी ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि ओढां थाने की डायल 112 काे शनिवार देर रात को एक इमरजेंसी कॉल आई जिस पर ड्राइवर सहित तीन पुलिस कर्मचारी गाड़ी में सवार होकर जा रहे थे। वापस लौटते समय गांव रामगढ़-राजपुरा रोड पर अचानक गाड़ी के बोनट से चिंगारी निकली। ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जान बचाने को तीनों पुलिस कर्मचारी गाड़ी से बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गाड़ी में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

रोडवेज वर्कशॉप से बैटरी चोरी का खुलासा

पुलिस ने हरियाणा रोडवेज सिरसा डिपो के वर्कशॉप से कंडम बस की बैटरी चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सिरसा निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हरियाणा रोडवेज विभाग के कर्मचारी की शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर बस की बैटरी बरामद कर ली है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा किया है, जिसके संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story