सोनीपत पुलिस ने गुमशुदा 40 मोबाइल बरामद कर लौटाई मुस्कान
सोनीपत, 06 मार्च (हि.स.)। सोनीपत पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर असल मालिकों को सौंपते
हुए शुक्रवार को उनके चेहरों पर फिर मुस्कान लौटा दी। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के नेतृत्व तथा साइबर
प्रकोष्ठ की टीम के प्रयास से फरवरी माह में विशेष अभियान चलाकर 40 गुमशुदा मोबाइल
फोन बरामद किए गए। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब दस लाख रुपये बताई
गई है। बरामद किए गए फोनों में विभिन्न कम्पनियों के मोबाइल शामिल हैं।
साइबर प्रकोष्ठ की टीम ने शिकायतों के आधार पर मोबाइल की लोकेशन का विश्लेषण
कर इन फोनों को बरामद किया। बरामदगी की प्रक्रिया में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण
और विभागीय अनुसंधान का सहारा लिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त साइबर राजदीप
मोर ने शुक्रवार को बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके असल मालिकों को बुलाकर सौंप दिए। मोबाइल वापस
मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन का पता लगाने में सीईआईआर पोर्टल की महत्त्वपूर्ण
भूमिका रही। शिकायतकर्ताओं द्वारा पोर्टल पर दर्ज कराई गई सूचनाओं के आधार पर पुलिस
ने तकनीकी तरीके से मोबाइल की पहचान और लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद टीमों ने अलग-अलग
स्थानों से मोबाइल बरामद किए।
पुलिस का कहना है कि इस वर्ष अब तक कुल 77 गुमशुदा मोबाइल फोन खोजकर उनके असल
मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को उनका गुम हुआ सामान वापस
दिलाने के साथ-साथ साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना भी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए
तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाएं और सीईआईआर पोर्टल पर भी शिकायत
अवश्य दर्ज करें। इससे मोबाइल की लोकेशन ट्रैक होने और बरामद होने की संभावना बढ़ जाती
है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

