कैथल: खेल कोच पर हमले की तैयारी कर रहे दो बदमाश मुठभेड़ में काबू, दोनों के पैर में लगी गोली

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: खेल कोच पर हमले की तैयारी कर रहे दो बदमाश मुठभेड़ में काबू, दोनों के पैर में लगी गोली


कैथल: खेल कोच पर हमले की तैयारी कर रहे दो बदमाश मुठभेड़ में काबू, दोनों के पैर में लगी गोली


कैथल, 22 नवंबर (हि.स.)। कैथल में एक खेल कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बना रहे दो बदमाशों की रविवार अलसुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। पूंडरी-नैना रोड पर हुई इस मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। आरोपियों की पहचान गांव करोड़ा निवासी टिंकू और अभिषेक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलने पर एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूंडरी-नैना रोड पर उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध युवकों से पुलिस का आमना-सामना हो गया और मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव भाना स्थित खेल नर्सरी में तैनात एक बॉक्सिंग कोच का कुछ दिन पहले गांव करोड़ा के कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते टिंकू और अभिषेक ने रविवार सुबह खेल नर्सरी में पहुंचकर कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस को इसकी भनक लग गई और समय रहते कार्रवाई होने से संभावित वारदात टल गई।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे हैं। टिंकू के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित रोहतक, गुरुग्राम और कैथल में करीब सात से आठ मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वहीं, अभिषेक के खिलाफ भी करीब तीन से चार आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781242 Articles

Share this story