सिरसा: नकल रहित परीक्षा करवाना पुलिस का दायित्व: एसपी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नकल रहित परीक्षा करवाना पुलिस का दायित्व: एसपी


सिरसा, 27 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने कहा है कि पुलिस हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की चल रही परीक्षाओं को नकल रहित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए अलर्ट है और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्हाेंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

एसपी दीपक सहारण ने शुक्रवार बताया कि पुलिस लगातार परीक्षा केंद्रों के आसपास पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह नजर बनाए हुई है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए केंद्रों के आसपास बेरिकेडिंग की गई है। अनावश्यक लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और अन्य लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को शांत वातावरण मिल सके। उन्होंने बताया कि जिला के सभी पर्यवेक्षक अधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के आदेश दिए।

एसपी दीपक सहारण ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े होती है, इसलिए प्रशासन का पूरा प्रयास है कि परीक्षाएं नकल रहित और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हों। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित घरों की छतों पर भी पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, ताकि बाहर से पर्चियां फेंकने या किसी अन्य माध्यम से नकल कराने की कोशिशों को रोका जा सके। इसके अलावा सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story