जींद : महिला की हत्या कर लूटी नकदी व जेवरात बरामद

WhatsApp Channel Join Now
जींद : महिला की हत्या कर लूटी नकदी व जेवरात बरामद


जींद, 23 नवंबर (हि.स.)। गांव फतेहगढ़ में घर में घुसकर महिला की हत्या और लूटपाट के मामले में जुलाना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई नकदी और आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपित से तीन लाख 77 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, जेवरात और एक स्विफ्ट कार बरामद की है।

सोमवार को जानकारी देते हुए थाना जुलाना प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि गांव फतेहगढ़ निवासी रिषिराम की पत्नी गत 16 नवंबर को दोपहर के समय घर पर अकेली थी। शाम को परिजनों को वह घर में बेहोशी की हालत में मिली। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में घर की जांच करने पर करीब आठ लाख 70 हजार रुपये की नकदी और सोने व चांदी के जेवरात गायब मिले।

मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी उपासना यादव ने पुलिस की विभिन्न टीमों को कार्रवाई के निर्देश दिए। डिटेक्टिव स्टाफ ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांव फतेहगढ़ निवासी शिवकुमार उर्फ मोनू का पता लगाया। पुलिस ने उसे जींद क्षेत्र में ट्रैप लगा कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ की गई। इसके बाद आरोपित की निशानदेही पर लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और आभूषण बरामद किए गए। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story