यमुना नहर में पोकलेन मशीन पलटने से पंजाब निवासी चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
यमुना नहर में पोकलेन मशीन पलटने से पंजाब निवासी चालक की मौत


यमुनानगर, 19 मई (हि.स.) यमुनानगर में मंगलवार सुबह हुए हादसे में पोकलेन मशीन चालक की मौत हो गई। पश्चिमी यमुना नहर में बाड़ी माजरा तीर्थनगर पुल के समीप लेवलिंग कार्य के दौरान पोकलेन असंतुलित होकर नहर में जा गिरी। दुर्घटना के समय चालक मशीन के केबिन में ही फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद चालक को बाहर निकाला गया और गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान पंजाब निवासी 35 वर्षीय प्रीतम के रूप में हुई है। वह दो बेटियों का पिता था और लंबे समय से पोकलेन मशीन संचालन का कार्य कर रहा था। मृतक के भाई कुलदीप के अनुसार, वे पिछले करीब चार वर्षों से यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर पर चल रहे लेवलिंग कार्य से जुड़े थे और पास में बने क्वार्टर में रहते थे। मंगलवार सुबह बाड़ी माजरा पुल के पास काम शुरू हुआ।

प्रीतम नहर के किनारे समतलीकरण कर रहा था, तभी मशीन अचानक रेत में धंस गई और संतुलन बिगड़ने से नहर में गिर पड़ी। मशीन का केबिन पानी और रेत में धंस गया, जिससे चालक बाहर नहीं निकल सका। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए, लेकिन केबिन के पूरी तरह धंसे होने के कारण तत्काल बचाव संभव नहीं हो पाया। बाद में पुलिस और गोताखोरों की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story