सोनीपत: पीएनजी कनेक्शन आवेदन करने के 72 घंटे में मिलेगा कनेक्शन: उपायुक्त
सोनीपत, 16 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त
नेहा सिंह ने बताया कि जिला में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी गैस एजेंसियों
को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। ताकि किसी भी नागरिक को घरेलू गैस की उपलब्धता
को लेकर कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि अगर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन
के लिए कोई व्यक्ति पंजीकरण करता है तो 72 घंटे के अंदर उसे कनेक्शन उपलब्ध करवाया
जाएगा।
उपायुक्त
ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए जिला में पीएनजी के लिए दो कंपनियां गेल गैस प्राइवेट
लिमिटेड तथा एचपीसीएल कार्य कर रही हैं। गेल गैस कंपनी राई, कुंडली, बहालगढ़, मुरथल,
सोनीपत शहर तथा आसपास के अनेक गांवों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। अब तक
गेल गैस कंपनी द्वारा 61 हजार से अधिक पीएनजी कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। वहीं
एचपीसीएल कंपनी द्वारा गन्नौर, गोहाना, खरखौदा एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों
व कॉलोनियों में भी पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
पीएनजी
गैस कनेक्शन घरेलू तथा व्यावसायिक दोनों प्रकार के उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे
हैं। विभिन्न योजनाओं के तहत कंपनियां उपभोक्ताओं को सुविधाएं प्रदान कर रही हैं, जिनमें
एक रुपये प्रतिदिन की स्कीम भी शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

