पीएमटी से पहले ग्रुप सी के अभ्यर्थियों का होगा बायोमेट्रिक सत्यापन

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में अब ग्रुप सीसीईटी परीक्षा में बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन से छूटे अभ्यर्थियों के वेरीफिकेशन भी शुरु किए जाएंगे। यह प्रक्रिया 15 अप्रैल से पहले पूरी की जाएगी। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर इस बारे में जानकारी दी।

हरियाणा में कांस्टेबलों के 5500 पदों के लिए करीब दो लाख 70 हजार युवाओं की तरफ से आवेदन किया गया है। इनमें से बहुत से ऐसे हैं जिन्होंने सीईटी ग्रुप सी के लिए वर्ष 2025 में परीक्षा दी थी। परीक्षा के दौरान उक्त अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो सका था। आयोग के संज्ञान में यह मामला आने के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन का निर्णय लिया गया है। आयोग के चेयरमैन ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का सीईटी ग्रुप सी 2025 की परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो सका था और उन्होंने पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया हुआ है, उन सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन पीएमटी से पूर्व कराया जाएगा। सत्यापन के बाद ही उक्त अभ्यर्थी पीएमटी की परीक्षा में भाग ले पांएगे। हिम्मत सिंह ने कहा कि अभ्यर्थियों को दुविधा में पडऩे की जरूरत नहीं है। आयोग की तरफ से इसके लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद पीएमटी की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story