हरियाणा में मुख्य सचिव ने जारी की गाइडलाइन, मंत्रियों और विधायकों की लगी ड्यूटी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई को हरियाणा दौरे को लेकर राज्य सरकार ने सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। जिसके चलते मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने राज्य के सभी जिला उपायुक्तों तथा मंडल आयुक्तों को गाइडलाइन जारी करते हुए समारोह के लिए मंत्रियों, सांसदों तथा विधायकों की ड्यूटियां लगाई हैं।

सरकार की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में कांग्रेस के उन पांच बागी विधायकों को भी सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जिन्हें राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है।

जींद में होने वाले राज्य स्तरीय के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री जिन जिलों के लिए योजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण करेंगे उनमें विशेष कार्यक्रम होंगे। अंबाला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि होंगे जबकि नारायणगढ़ से कांग्रेस विधायक शैली चौधरी समेत जिले के सभी भाजपा विधायक, जिला अध्यक्ष, निगम के मेयर कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि भाग लेंगे।

भिवानी में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, चरखी दादरी में विधायक सुनील सतपाल सांगवान, फरीदाबाद में राजस्व मंत्री विपुल गोयल, फतेहाबाद में राज्य सभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, गुरुग्राम में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, हिसार में जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा, झज्जर में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर बतौर मुख्य अतिथि जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इसके अलावा कैथल में लोकसभा सांसद नवीन जिंदल, करनाल में विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण, कुरुक्षेत्र में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, महेंद्रगढ़ में सांसद धर्मबीर सिंह, नूंह में हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल, पलवल में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, पंचकूला में राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा, पानीपत में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, रेवाड़ी में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, रोहतक में महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी, सिरसा में सांसद सुभाष बराला, सोनीपत में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार तथा यमुनानगर में विधायक घनश्याम सर्राफ बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story