कैथल: प्लाट बेचने के नाम पर 1.22 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्लाट बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा कैथल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-19 कैथल निवासी लक्ष्य के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-20 हुडा कैथल निवासी अभिषेक गुप्ता ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि स्नेहलता, सुनील कुमार और ऋषभ निवासी सेक्टर-19 कैथल ने डीलरों के माध्यम से उससे और उसकी पत्नी से संपर्क कर हुडा सेक्टर-21 स्थित प्लाट नंबर 690-पी बेचने की पेशकश की थी। प्लाट का सौदा तीन करोड़ 50 लाख रुपये में तय हुआ था और इस संबंध में लिखित इकरारनामा भी किया गया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में उससे कुल एक करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त कर लिए। विश्वास कायम करने के लिए हुडा विभाग से उसकी पत्नी निशि गोयल के नाम प्लाट ट्रांसफर करने की अनुमति भी जारी करवाई गई थी। हालांकि निर्धारित समय पर प्लाट की रजिस्ट्री नहीं करवाई गई, जिसके बाद शिकायतकर्ता को आरोपियों की नीयत पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार जब शिकायतकर्ता ने हुडा विभाग से मामले की जानकारी ली तो पता चला कि निशि गोयल के नाम जारी ट्रांसफर परमिशन को रद्द करवा दिया गया था।

आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई सुरेंद्र ने मामले की जांच करते हुए आरोपी लक्ष्य को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान सामने आया कि लक्ष्य भी कथित धोखाधड़ी की वारदात में शामिल था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। उससे मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और धोखाधड़ी से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story