यमुनानगर:धौड़ंग में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग यूनिट पर विरोध तेज, किसानों ने दिया 10 दिन का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:धौड़ंग में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग यूनिट पर विरोध तेज, किसानों ने दिया 10 दिन का अल्टीमेटम


यमुनानगर, 05 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के गांव धौड़ंग में स्थापित प्लास्टिक रीसाइक्लिंग यूनिट को लेकर ग्रामीणों और किसानों का विरोध सामने आया है। करीब 16 लाख रुपये की लागत से तैयार इस संयंत्र के उद्घाटन के दो दिन बाद ही ग्रामीणों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन करते हुए इसे बंद करने की मांग उठाई है। गुरुवार को बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण एकत्रित हुए और प्लांट के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे यमुनानगर–सहारनपुर राज्य मार्ग को जाम करने के लिए मजबूर होंगे।

स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चली चर्चा के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को संयंत्र की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया और स्थल का निरीक्षण भी करवाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यहां सामान्य कचरा नहीं डाला जाएगा, बल्कि केवल चयनित प्लास्टिक सामग्री को तकनीकी प्रक्रिया के माध्यम से रीसाइक्लिंग किया जाएगा। उनका कहना था कि इससे गांव में गंदगी या प्रदूषण फैलने की आशंका नहीं है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को दस दिनों के भीतर प्लांट बंद करने का अल्टीमेटम दिया है। संगठन की ओर से अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों की आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की गई। किसान नेता सुभाष गुर्जर ने कहा कि किसी भी नई परियोजना को शुरू करने से पहले ग्रामीणों को विश्वास में लेना जरूरी होता है। उनका आरोप है कि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना के गांव में यह यूनिट स्थापित कर दी। उन्होंने आशंका जताई कि यदि संयंत्र चालू रहा तो आसपास के क्षेत्रों से प्लास्टिक कचरा यहां लाया जा सकता है, जिससे गांव पर पर्यावरणीय दबाव बढ़ेगा।

बीडीपीओ दीपांश जिंदल ने कहा कि ग्रामीणों में कुछ भ्रम है। उन्होंने बताया कि संयंत्र में केवल चुनी हुई प्लास्टिक सामग्री का प्रसंस्करण किया जाएगा और इससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होगा। ग्रामीणों की आपत्तियों की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story