यमुनानगर निगम ने बाजारों में छेड़ा प्लास्टिक छोड़ो अभियान

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर निगम ने बाजारों में छेड़ा प्लास्टिक छोड़ो अभियान


यमुनानगर, 01 जनवरी (हि.स.)। नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में नगर निगम की विशेष टीमें लगातार बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर दुकानदारों व आम लोगों को पॉलीथिन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर रही हैं।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर गुरुवार को निगम की टीम ने सेक्टर-17, जगाधरी रोड सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर दुकानदारों से संवाद किया और उन्हें प्रतिबंधित पॉलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की सख्त हिदायत दी। टीम ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए घातक होने के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और भारत सरकार के नियमों का उल्लंघन भी है। नियमों के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और वितरण दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

नगर निगम ने दुकानदारों को कपड़े, जूट और कागज के थैलों जैसे पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की सलाह दी। वहीं नगर आयुक्त महाबीर प्रसाद ने नागरिकों से अपील की कि वे खरीदारी के दौरान पॉलीथिन का प्रयोग न करें और अपने साथ कपड़े या जूट के थैले रखें। स्वच्छ भारत मिशन के सलाहकार लोकेश सेन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा अभियान है। अतिरिक्त नगर आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों का पालन करना सभी व्यापारियों और नागरिकों का दायित्व है, और नगर निगम भविष्य में भी ऐसे अभियानों के साथ आवश्यक कार्रवाई जारी रखेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story