हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के आठ विद्यार्थियों की प्लेसमेंट
हिसार, 19 मई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से एसएमसीसी
कंस्ट्रक्शन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव विश्वविद्यालय के
बीटेक और एमबीए प्रोग्राम के आठ विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है।
चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए, कुलपति
प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार काे विश्वविद्यालय के मजबूत प्लेसमेंट रिकॉर्ड पर संतोष व्यक्त
किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्योग-उन्मुख शैक्षणिक दृष्टिकोण, व्यावहारिक
अनुभव और कौशल-आधारित शिक्षा के साथ मिलकर, विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट क्षेत्र की
गतिशील मांगों के लिए प्रभावी ढंग से तैयार करता रहता है।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों
को बधाई दी और उनके समर्पण और दृढ़ता की सराहना की। प्लेसमेंट ड्राइव के बारे में विवरण देते हुए
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि बीटेक और एमबीए प्रोग्राम के 63 विद्यार्थियों
ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया, जिसमें एक प्री-प्लेसमेंट टॉक और उसके बाद व्यक्तिगत
साक्षात्कार शामिल रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने के
लिए एसएमसीसी कंस्ट्रक्शन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की भर्ती टीम को धन्यवाद दिया तथा
संकाय सदस्यों व विभागीय ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट समन्वयकों द्वारा दिए गए सहयोग की
सराहना की।
सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह
ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों में बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के हरकेश रावत,
अरुण, शिवम, मुमताज अली व उत्तम सिंह, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के भार्गव और सूरज
तथा एमबीए जनरल से चेतना रानी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव का समन्वय
बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के लक्ष्य ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

