हांसी में आंदोलनकारी ग्रामीणों ने अलग पाइपलाइन का प्रस्ताव ठुकराया
विधायक विनोद भयाना
पहुंचे चानौत धरने पर, नहीं बनी बात
हांसी, 25 मई (हि.स.)।
बरवाला रोड स्थित चानौत गांव में बिजली और पानी की मांग पर ग्रामीणों का धरना सोमवार
को दसवें दिन भी जारी रहा। हलका विधायक विनोेद भयाना धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान
बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
इससे पहले कांग्रेस, इनेलो और आम आदमी पार्टी के नेता भी धरने को समर्थन दे चुके हैं।
धरना स्थल पर ग्रामीणों
को संबोधित करते हुए विधायक विनोद भयाना ने कहा कि वह पहले भी गांव का दौरा कर चुके
हैं। उस दौरान उन्होंने जलघर का निरीक्षण किया था तथा अधिकारियों को गांव के लिए अलग
फीडर और जनरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने
उन्हें चुनकर भेजा है और वह सभी के लिए काम कर रहे हैं।
विधायक ने धरने
पर पहुंचने से पहले उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में उन्होंने ग्रामीणों
को मौजूदा लाइन से पानी उपलब्ध कराने का सुझाव रखा, लेकिन अधिकारियों ने तकनीकी कारणों
का हवाला देते हुए इसे संभव नहीं बताया।
विनोद भयाना ने
ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि करीब एक करोड़ रुपये की लागत से गांव के लिए अलग 10 इंच
की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस लाइन के जरिए चानौत गांव को सीधे पानी की आपूर्ति की जाएगी।
इसके साथ ही अलग फीडर लाइन और अलग जनरेटर सेट लगाने की बात भी कही गई, ताकि बिजली बाधित
होने पर भी पानी सप्लाई प्रभावित न हो।
हालांकि ग्रामीणों
ने विधायक के प्रस्ताव पर असहमति जताते हुए अपनी पुरानी मांग दोहराई। ग्रामीणों का
कहना था कि उन्हें मौजूदा लाइन से ही कनेक्शन दिया जाए। ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि
यदि सीधा कनेक्शन संभव नहीं है तो समानांतर छोटी पाइपलाइन बिछाकर गांव तक पानी पहुंचाया
जा सकता है।
धरना स्थल पर पहुंचे
एसई ने ग्रामीणों को तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि गांव के जलघर तक अलग
पाइपलाइन बिछाने की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पानी सप्लाई
प्रभावित न हो, इसके लिए अलग जनरेटर सेट की व्यवस्था भी की जाएगी। इस पर ग्रामीणों
ने फिर आपत्ति जताई और कहा कि जब अन्य क्षेत्रों तक पानी पहुंचाया जा सकता है तो उनके
गांव को भी मौजूदा लाइन से कनेक्शन दिया जाना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

