राेहतक: आईआईआरएफ रैंकिंग में पीजीआईएमएस देश में पांचवें स्थान पर

WhatsApp Channel Join Now

-मेडिकल में हरियाणा नंबर-1, डेंटल छठे, फिजियोथेरेपी चौथे और फार्मेसी नौवें पायदान पर

रोहतक, 05 अगस्त (हि.स.)। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआईएमएस) रोहतक ने आईआईआरएफ इंडिया रैंकिंग 2026 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पीजीआईएमएस को देश के मेडिकल संस्थानों में पांचवां स्थान मिला है। मेडिकल में यह हरियाणा का नंबर एक और नॉर्थ जोन का तीसरा सर्वश्रेष्ठ संस्थान रहा।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के चिकित्सकों, शिक्षकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान में बेहतर चिकित्सा शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं, रिसर्च और स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। अब पीजीआईएमएस को देश के टॉप-3 संस्थानों में शामिल करना लक्ष्य है। आईआईआरएफ रैंकिंग में डेंटल में पीजीआईएमएस को देश में छठा, फिजियोथेरेपी में चौथा और फार्मेसी में नौवां स्थान मिला है। तीनों क्षेत्रों में हरियाणा में संस्थान पहले स्थान पर रहा। नॉर्थ जोन में मेडिकल, डेंटल, फिजियोथेरेपी और फार्मेसी चारों क्षेत्रों में पीजीआईएमएस टॉप चार में शामिल हुआ है। कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि पारदर्शी प्रशासन और समयबद्ध कार्यप्रणाली ने संस्थान की गुणवत्ता को मजबूत किया है। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने आधुनिक पाठ्यक्रम, स्किल लैब और रिसर्च को उपलब्धि का आधार बताया। कार्यकारी निदेशक एवं डीन पीजीआईएमएस डॉ. अशोक चौहान ने कहा कि आधुनिक उपचार सुविधाओं और 24 घंटे इमरजेंसी सेवाओं से मरीजों का भरोसा बढ़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story