अंबाला के कैंसर अस्पताल में पैट-स्कैन मशीन लगाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

-मुख्यमंत्री ने अगले 15 दिन में टेंडर के नियम-शर्तें जारी करने के लिए निर्देश

चंडीगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज एक बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए अंबाला के कैंसर अस्पताल में जल्द से जल्द पैट-स्कैन मशीन की स्थापना करवाई जाए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को अगले 15 दिन में टेंडर के नियम-शर्तें तैयार कर इन्हें अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंबाला का कैंसर अस्पताल कैंसर के मरीजों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और यहां आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में पैट-स्कैन मशीन का होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पैट-स्कैन मशीन एक उन्नत चिकित्सा इमेजिंग मशीन है जो मरीज के शरीर में कैंसर की पहचान करने के लिए बहुत कारगर है। इससे यह भी पता लग जाता है कि कैंसर किस स्टेज में है और यह शरीर के किस-किस हिस्से में फैल चुका है। इस मशीन के माध्यम से कीमोथैरेपी या रेडियोथैरेपी के प्रभाव का मूल्यांकन भी किया जा सकता है जिससे कैंसर के इलाज में काफी मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबाला के कैंसर अस्पताल में पहले प्रस्तावित एनालोग मशीन के स्थान पर डिजिटल मशीन लगाई जाए ताकि कैंसर की पहचान के सटीक परिणाम मिल सके और मरीजों के इलाज में अधिक सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई खरीदी जाने वाली पैट-स्कैन मशीन अब तक की सबसे आधुनिक तकनीक वाली हो। उन्होंने कहा कि पैट-स्कैन मशीन से टैस्ट करवाने वाले कैंसर मरीजों के लिए किफायती दरें निर्धारित की जाएं ताकि मरीजों की जेब पर अधिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि हालांकि आयुष्मान भारत योजना के पात्र व्यक्ति किसी भी अस्पताल में नि:शुल्क पैट-स्कैन करवा सकता है लेकिन अंबाला के कैंसर अस्पताल में इस सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर मुहैया करवाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story