हिसार : एमआरपी के मनमाने निर्धारण के विरोध में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : एमआरपी के मनमाने निर्धारण के विरोध में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने किया प्रदर्शन


एडीसी को ज्ञापन सौंपकर उठाई कार्रवाई की मांग

हिसार, 26 मई (हि.स.)। उपभोक्ताओं के हितों की

रक्षा तथा वस्तुओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के मनमाने निर्धारण के विरोध

में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, हिसार इकाई ने लघु सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन किया।

संगठन के पदाधिकारियों एवं जागरूक नागरिकों ने सरकार से एमआरपी व्यवस्था में पारदर्शिता

लाने तथा उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए इकाई के जिला अध्यक्ष

सुमित सैनी ने मंगलवार के कहा कि वर्तमान समय में अनेक निर्माता कंपनियां वस्तुओं पर

वास्तविक कीमत से कहीं अधिक एमआरपी अंकित कर रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं के सामने

भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा

कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एक गैर-राजनीतिक संगठन के रूप में ग्राहक जागरण अभियान

के माध्यम से लगातार उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है। इस प्रदर्शन

के दौरान संगठन ने सरकार के समक्ष महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

इनमें प्रमुख रूप से एमआरपी

निर्धारण के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी नियम बनाने, प्रत्येक उत्पाद पर ‘फस्र्ट सेलिंग

प्राइस’ अर्थात निर्माता द्वारा

निर्धारित मूल बिक्री मूल्य अंकित करना अनिवार्य करने तथा कंपनियों द्वारा अनुचित तरीके

से निर्धारित एमआरपी पर नियंत्रण लगाने की मांग शामिल थी। इस दौरान उत्तरी क्षेत्र

के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नवीन जैन ने लोगों को एमआरपी व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं

की जानकारी दी तथा उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। प्रदर्शन के उपरांत

जिला अतिरिक्त उपायुक्त को एमआरपी संबंधी मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर डॉ.

डीके शर्मा, संदीप कुमार, मोहन गौतम, कृष्ण, सुनील, निर्मला सुप्रिया, अनु सहित अनेक

कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story