नूंह में पेयजल संकट पर गुस्साए लाेगाें ने पुन्हाना में लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में पेयजल संकट पर गुस्साए लाेगाें ने पुन्हाना में लगाया जाम


नूंह, 08 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले के पुन्हाना शहर में पिछले तीन वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर बुधवार को वार्ड नंबर 8 और 9 के लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने जुरेहड़ा रोड पर जाम लगाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनके वार्ड में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में बिछाई गई पुरानी पेयजल पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण घरों तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी नहीं पहुंच पा रहा। लोगों का आरोप है कि टूटी पाइपलाइन के कारण दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है और दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है।

वार्डवासियों ने बताया कि वे कई बार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पब्लिक हेल्थ) विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है, जबकि मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। पुन्हाना शहर प्रभारी कुंदन सिंह ने लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सुहेल खान ने जल्द पेयजल समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद करीब आधे घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story