सिरसा: जनता बुलेट ट्रेन के सपने छोड़ दे, साइकिल चलाए: सैलजा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: जनता बुलेट ट्रेन के सपने छोड़ दे, साइकिल चलाए: सैलजा


सिरसा, 19 मई (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ तो बुलेट ट्रेन चलाने की बात करती है, वहीं साइकिल चलाने को कह रही है। जनता अब बुलेट ट्रेन के सपने लेने छोड़ दे। साथ ही उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार देश की परीक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है। सांसद सैलजा मंगलवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।

सांसद ने कहा कि राहुल गांधी लगातार जिस खतरे की ओर देश का ध्यान दिलाते रहे हैं, आज वही स्थिति पूरे देश में दिखाई दे रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदारी कौन लेगा। हर बार छोटे स्तर पर कार्रवाई दिखाकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। जब लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हो, तब जवाबदेही शीर्ष स्तर पर तय होनी चाहिए। सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि देश का युवा मेहनत कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय अपनी विफलताओं को छुपाने में लगी है। सांसद ने सरकार से मांग की कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए। सैलजा ने कहा कि भाजपा नेता साइकिल चलाकर फोटो खिंचवा रहे हैं। यह चंद दिनों का दिखावा है और असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि वे बार-बार लोकसभा में हरियाणा में तेजी से फैल रहे कैंसर का मुद्दा उठा चुकी हैं, लेकिन सरकार डिनायल मोड़ में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से कैंसर की रोकथाम के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं और यहां तक कि व्यापक सर्वे करवाने की भी तैयारी नहीं दिखाई दे रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story