जींद : बूंदाबांदी ने दिलाई स्मॉग से राहत

WhatsApp Channel Join Now
जींद : बूंदाबांदी ने दिलाई स्मॉग से राहत


जींद, 15 नवंबर (हि.स.)। शनिवार रात को हुई हलकी बूंदाबांदी ने स्मॉगी मौसम से राहत दिलाने काम किया। बारिश से अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा। वहीं मौसम में आद्रता 37 प्रतिशत तथा हवा की गति आठ किलोमीटर रही। बारिश की बूंदों के बाद रविवार सुबह मौसम साफ नजर आया और आसमान में धुंध व स्मॉग का असर भी कम दिखाई दिया।

शनिवार को जींद शहर का एक्यूआई जहां 313 था वहीं रविवार को यह घट कर 132 पर आ गया। दिनभर सूर्य देवता के दर्शन भी हुए। रविवार को छुट्टी होने के चलते लोगों ने भी घरों की छतों पर बैठ कर धूप का आनंद उठाया। रविवार को अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

रविवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा और दिनभर सूर्य देवता के दर्शन हुए। पिछले कई दिनों से स्मॉग और प्रदूषित वातावरण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

ऐसे में बूंदाबांदी के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार होने से लोगों को काफी राहत महसूस हुई। सुबह के समय वातावरण में हल्की ठंडक रही, जबकि दिन चढऩे के साथ धूप खिलने से मौसम सुहावना हो गया। रविवार को अवकाश होने के कारण लोगों ने भी मौसम का खूब आनंद उठाया। शहर की कॉलोनियों और रिहायशी क्षेत्रों में लोग घरों की छतों और खुले स्थानों पर बैठकर धूप सेकते नजर आए। बच्चों ने भी खुले मैदानों और पार्कों में खेल कूद कर छुट्टी का आनंद लिया। पिछले दिनों प्रदूषण के चलते जो लोग सुबह व शाम सैर करने से परहेज कर रहे थे, उन्हें भी साफ मौसम देखकर राहत मिली।

एक्यूआई में सुधार लेकिन सतर्कता जरूरी

शनिवार के मुकाबले रविवार को एक्यूआई में आई गिरावट से प्रदूषण का स्तर काफी कम हुआ है। हालांकि एक्यूआई 132 होने का अर्थ है कि हवा की गुणवत्ता अभी पूरी तरह साफ नही हुई है। संवेदनशील लोगों को सांस संबंधी परेशानी से बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत बनी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story