पानीपत: लंबित मांगों को लेकर सड़क पर उतरे कॉपरेटिव बैंक कर्मचारी

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: लंबित मांगों को लेकर सड़क पर उतरे कॉपरेटिव बैंक कर्मचारी


पानीपत, 17 जून (हि.स.)। सरकार की वादा खिलाफ के विरोध में अपनी लंबित मांगों को लेकर बुधवार को कोऑपरेटिव बैंक कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाया है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के नेतृत्व में पानीपत समेत पूरे प्रदेश के कॉपरेटिव बैंक के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तीन जुलाई तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा के आवास का घेराव करेंगे, जिसमें प्रदेश भर से हजारों कर्मचारी शामिल होंगे। कर्मचारी नेताओं के अनुसार, उनकी मुख्य रूप से दो प्रमुख मांगें हैं। पहली मांग कर्मचारियों के वेतन वेतन संबंधी त्रुटि को दूर करने की है, जबकि दूसरी मांग लंबे समय से रुकी हुई पदोन्नति से संबंधित है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने प्रमोशन को लेकर तो टेस्ट प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन वेतन विसंगति को लेकर उनकी मांग अभी भी अधर में लटकी हुई है।

इस मुख्य मांग को लेकर कर्मचारी संघ की कई बार सरकार के उच्च अधिकारियों के साथ बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। लंबित मांगों से गुस्साए बिजेंद्र सिंह (जिला प्रधान, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व बैंक प्रबंधक ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा न ले। समय रहते सरकार को उनकी जायज मांगों को मान लेना चाहिए, अन्यथा तीन जुलाई को सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा के आवास पर होने वाला घेराव बेहद उग्र होगा।

कर्मचारियों का कहना है कि वह अब आर-पार की लड़ाई के लिये तैयार हैं। और बिना नोटिफिकेशन जारी हुए पीछे नहीं हटेंगे। इस अवसर को जगत सिंह (महासचिव) ने कहा कि प्रमोशन के लिए टेस्ट प्रक्रिया शुरू करना एक कदम है, लेकिन जब तक हमारी वेतन संबंधी मुख्य मांग पूरी नहीं होती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। सरकार ने जो वादे किए थे, वे केवल आश्वासन तक सीमित रह गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story