जींद : पेगां की कार्यवाहक सरपंच बनी कविता

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पेगां की कार्यवाहक सरपंच बनी कविता


जींद, 01 जून (हि.स.)। पेगां गांव की सरपंच रतनी देवी के दूसरी बार निलंबन के बाद एसडीएम उचाना व उपायुक्त के निर्देशानुसार सोमवार को पेगां गांव की कार्यवाहक सरपंच का चुनाव कराने के लिए खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय अलेवा में गांव के पंचों की एक बैठक बुलाई गई। जिसमें खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अलेवा जयपाल ने भाग लिया। लगभग घंटा भर

चली बैठक के दौरान वार्ड नंबर चार से कविता को सर्वसम्मति से सरपंच बना दिया। बीडीपीओ अलेवा जयपाल ने बताया कि जींद डीसी ने पेगां गांव की सरपंच रतनी देवी को किन्ही कारणों से 19 मई को निलंबित किया था। एसडीएम उचाना व डीसी के निर्देशानुसार पेगां गांव के कुल 19 पंचों के बीच कार्यवाहक सरपंच का चुनाव कराया गया। जिसमें सर्वसम्मति से कविता को पेगां गांव की कार्यवाहक सरपंच चुना गया। पेगां गांव महिला के लिए आरक्षित था।

इसके पहले भी जींद के पूर्व डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने पेगां गांव की सरपंच रतनी देवी को शामलात भूमि की पट्टा राशि को देरी से जमा कराने के मामले में निलंबित किया था। सरपंच के निलंबन के बाद वार्ड नंबर 12 की पंच सुमन ने वार्ड नंबर चार की कविता को एक वोट से हराकर पेगां गांव की कार्यवाहक सरपंच का चुनाव जीता था लेकिन इंसी दौरान सरपंच रतनी देवी के बहाल होने के कारण कार्यवाहक सरपंच सुमन को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। एक बार फिर से जींद डीसी ने पेगां गांव की सरपंच रतनी देवी को किन्ही कारणों से 19 मई को निलंबित कर दिया। सरपंच के दूसरी बार निलंबन के बाद सोमवार को पंचों की बैठक में वार्ड नंबर चार से कविता सर्वसम्मति से पेगां गांव की सरपंच चुनी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story