पलवल में पैदल जा रहे युवक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले में नेशनल हाईवे-19 पर पृथला फ्लाईओवर के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित दीनदयाल नगर निवासी वीरेंद्र कुमार पलवल में अपने परिचित से मिलने आए हुए थे। वीरेंद्र का परिचित प्रेम जिला कन्नौज के खुरमपुर गांव का रहने वाला है और पृथला-ततारपुर मार्ग स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। गत शाम को प्रेम को कंपनी के एक कर्मचारी ने सूचना दी कि उसका परिचित वीरेंद्र पृथला फ्लाईओवर के पास घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर प्रेम मौके पर पहुंचा तो वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। घायल वीरेंद्र ने बताया कि पानी का टैंकर लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रेम ने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर वीरेंद्र को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया गया कि दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही वीरेंद्र की हालत बिगड़ गई और एम्बुलेंस में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस जिला नागरिक अस्पताल पलवल लाया गया, जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। जांच अधिकारी ने शनिवार काे बताया कि शिकायतकर्ता प्रेम के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story