पंजाब-हरियाणा एनसीसी के एडीजी संभालेंगे कर्नाटक-केरल सब-एरिया की कमान
चंडीगढ़, 30 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) निदेशालय के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (एडीजी) मेजर जनरल भारत महतानी को कर्नाटक एवं केरल सब-एरिया हेडक्वार्टर, बेंगलुरु में जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) के रूप में तैनात किया गया है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए एडीजी के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय उपलब्धियों और प्रभावशाली नेतृत्व के लिए याद किया जाएगा।मेजर जनरल भारत महतानी ने 1 नवंबर 2025 को एनसीसी निदेशालय की कमान संभाली थी। उन्होंने यह जिम्मेदारी मेजर जनरल जगदीप सिंह चीमा से पारंपरिक बैटन ग्रहण कर संभाली थी। लगभग सात महीने के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एनसीसी गतिविधियों को नई दिशा देने, कैडेटों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अपने नए दायित्व में मेजर जनरल महतानी व्यापक सैन्य और प्रशासनिक अनुभव लेकर जा रहे हैं। एडीजी बनने से पहले वे पश्चिमी सेक्टर में एक इन्फैंट्री ब्रिगेड, झारखंड एवं बिहार सब-एरिया तथा पश्चिमी सेक्टर में एक इन्फैंट्री डिवीजन की सफलतापूर्वक कमान संभाल चुके हैं। उत्कृष्ट सेवाओं और समर्पण के लिए उन्हें जीओसी-इन-चीफ, पश्चिमी कमान प्रशस्ति पत्र से भी सम्मानित किया जा चुका है।
उनके सफल कार्यकाल, प्रेरक नेतृत्व और युवा विकास में योगदान के सम्मान में एनसीसी निदेशालय द्वारा एक औपचारिक विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

