पंजाब के सीएम भगवंत मान ने विधानसभा क्षेत्र धूरी से बनाई दूरी:नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने विधानसभा क्षेत्र धूरी से बनाई दूरी:नायब सैनी


-पंजाब वासियों ने दीवारों पर लिखी भाजपा की जीत की इबारत

चंडीगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की राजनीति से जुड़े सवालों पर कहा कि पंजाब में अब भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने का समय आ गया है। पंजाब की जनता ने दीवारों पर भाजपा की जीत की इबारत लिख दी है।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा करने में दोनों ही विफल रही हैं। कांग्रेस ने हर घर में रोजगार देने का वादा किया था, वहीं आम आदमी पार्टी ने 25 लाख लोगों को नौकरी देने की बात कही थी। अब पांच साल का समय बीत चुका है, इसलिए आम आदमी पार्टी को पंजाब के युवाओं को बताना चाहिए कि उसने कितने लोगों को वास्तव में रोजगार दिया है।

उन्होंने मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता आज पंजाब में कार्यक्रमों के दौरान रिबन काटने और लोगों को इक_ा करने में लगे हैं, लेकिन जनता अब उनके वादों और कामकाज का हिसाब मांग रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व में पंजाब में सरकार बनेगी।

मुख्यमंत्री ने पंजाब में किसानों और महिलाओं से किए गए वादों को लेकर भी आम आदमी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने किसानों का शोषण किया है और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा करके उन्हें भी निराश किया है। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने से पहले बड़े-बड़े वादे करने वाली आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के बाद किसानों और महिलाओं के लिए वास्तव में क्या किया है।

पंजाब में राजनीतिक कार्यक्रमों में जाने से रोकने और आयोजकों को धमकाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री को पंजाब में आने से रोका जा रहा है और कार्यक्रम आयोजित करने वालों पर दबाव बनाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में सरकार की कार्यप्रणाली का एक चिंताजनक चेहरा सामने आ रहा है।

पराली जलाने की घटनाओं से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की अनेक घटनाएं सामने आई हैं, जबकि हरियाणा में ऐसी घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को पराली प्रबंधन के लिए प्रति एकड़ 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पंजाब से उठने वाले धुएं को लेकर सवाल उठाते थे, लेकिन अब पंजाब में उनकी सरकार है तो उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने पराली प्रबंधन के लिए क्या ठोस कदम उठाए हैं। हरियाणा सरकार किसानों को पराली जलाने से रोकने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और आर्थिक सहायता के माध्यम से फसल अवशेषों के बेहतर उपयोग के लिए प्रोत्साहित कर रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी से चुनाव लडऩे संबंधी सवाल पर भी चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्होंने तो 5 साल तक धूरी से तो दूरी बना रखी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story