यमुनानगर: पैसों के भुगतान पर मारपीट से मजदूर की मौत, फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: पैसों के भुगतान पर मारपीट से मजदूर की मौत, फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन


यमुनानगर: पैसों के भुगतान पर मारपीट से मजदूर की मौत, फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन


यमुनानगर, 23 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर की पिटाई के बाद उपचार के दौरान मौत का समाचार है। घटना के विरोध में परिजन और स्थानीय महिलाएं फैक्ट्री के बाहर धरने पर बैठ गईं और न्याय व आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रायपुर निवासी 30 वर्षीय सतीश कुमार के रूप में हुई है, जो शादीपुर स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था। बताया जा रहा है कि उसकी मजदूरी के करीब 40 से 45 हजार रुपये ठेकेदार के पास बकाया थे। इसी भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक झगड़े में बदल गया। परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान ठेकेदार ने सतीश पर धारदार हथियार और टूटी बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पहले सिविल अस्पताल यमुनानगर और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन फैक्ट्री पहुंचे।

परिवार और मोहल्ले की महिलाएं फैक्ट्री के बाहर धरने पर बैठ गईं। मृतक की पत्नी ने रोते हुए कहा कि परिवार का सहारा छिन गया है और छोटे बच्चे का भविष्य अधर में है। उन्होंने सख्त कार्रवाई के साथ आर्थिक मदद की मांग की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story