सिरसा: पटवारियों की हड़ताल से तहसीलों में कामकाज ठप
सिरसा, 25 अगस्त (हि.स.)। : पटवारियों के हड़ताल पर जाने से तहसीलों में कामकाज ठप पड़ गए हैं। पटवारियों और कानूनगो के कार्यालयों में उपलब्ध नहीं होने के कारण रजिस्ट्री, इंतकाल, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, भूमि पैमाइश तथा दस्तावेज से जुड़े कई जरूरी कार्य अटक गए। राजस्व संबंधी कार्यों के लिए कार्यालयों में पहुंचे लोगों को भी बैरंग लौटना पड़ा और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी लघु सचिवालय में पटवारी धरने पर बैठे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पटवारियों के आंदोलन को किसान संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है। एसोसिएशन के जिला प्रधान दलबीर बिस्सु ने बताया कि ऑनलाइन राजस्व पोर्टलों में आ रही तकनीकी खामियों, डिजिटल क्रॉप सर्वे और अन्य लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर हैं। बिस्सु ने कहा कि सरकार ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का अतिरिक्त कार्य पटवारियों के सिर डाल दिया है। उनका मुख्य काम राजस्व संबंधी कार्यों को निपटाना है, जबकि डिजिटल क्रॉप सर्वे का अतिरिक्त भार उनके नियमित कार्यों को प्रभावित कर रहा है।
नए लागू किए गए सरकारी सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल में कई तकनीकी खामियां हैं, जिसके कारण रोजमर्रा के राजस्व कार्य करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन की सांकेतिक हड़ताल के बाद भी यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लेती है, तो राज्य कमेटी बैठक कर आगे की रणनीति और आंदोलन को लेकर फैसला करेगी। हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कार्यों के लिए कार्यालयों में पहुंचे लोगों को भी बैरंग लौटना पड़ा और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

